अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर लैंडिंग के बाद एक बोइंग 767 कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल गया। विमान ने एयरपोर्ट परिसर में मौजूद कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। जबकि, पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा स्थानीय समय के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे हुआ। विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मियामी के लिए रवाना हुआ था। करीब दो घंटे की उड़ान के बाद विमान ने मियामी एयरपोर्ट के रनवे 30 पर उतरने की कोशिश की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लैंडिंग से पहले पायलटों की ओर से किसी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की गई थी।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान रनवे के उपयोग योग्य हिस्से को पार करते समय करीब 112 नॉट की गति से चल रहा था। यह रफ्तार लगभग 129 मील प्रति घंटे यानी 208-209 किलोमीटर प्रति घंटे के बराबर थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान समय पर क्यों नहीं रुक सका और रनवे से बाहर निकलने की वजह क्या थी।
रनवे से बाहर निकलने के बाद विमान कई वाहनों से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में आग भड़क उठी और आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। कुछ गाड़ियों में लोग फंस गए थे। जबकि, विमान के पायलट और को पायलट भी कॉकपिट में फंसे बताए गए।
घटना की सूचना मिलते ही Miami Dade Fire Rescue की 60 से अधिक यूनिट मौके पर पहुंचीं। करीब 200 से ज्यादा आपातकालीन कर्मियों को राहत और बचाव अभियान में लगाया गया। दमकल टीमों ने विशेष फोम का इस्तेमाल कर विमान में लगी आग पर काबू पाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे के कई घंटे बाद तक विमान से ईंधन के रिसाव की समस्या बनी रही जिससे बचाव और राहत अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि जान गंवाने वाले पांच लोगों में कितने विमान पर सवार थे और कितने लोग जमीन पर मौजूद थे।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में एक ग्राउंड व्हीकल को टावर को यह सूचना देते सुना गया कि विमान रनवे 30 से आगे निकल गया है। CNN समेत अन्य मीडिया संस्थानों ने इस रिकॉर्डिंग की समीक्षा की है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि विमान के उतरने से पहले चालक दल ने किसी इमरजेंसी की घोषणा नहीं की थी।
हादसे की वास्तविक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने दुर्घटना की जांच की बात कही है। जबकि, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।
दुर्घटनाग्रस्त विमान 32 साल पुराना बोइंग 767 कार्गो विमान था। इसे 21 Air संचालित कर रही थी और यह Amazon Air के नेटवर्क के लिए उड़ान भर रहा था। FAA के अनुसार, विमान ने मियामी के 9,000 फीट से अधिक लंबे रनवे 30 पर लैंडिंग की थी। 21 Air का ऑपरेशन सेंटर मियामी में है और कंपनी बोइंग 767 विमानों का इस्तेमाल करती है।
Amazon की प्रवक्ता केली नेंटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि 21 Air द्वारा संचालित Amazon Air का एक विमान मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान घटना का शिकार हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और यह समझने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना में वास्तव में क्या हुआ।
दुर्घटना के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे और टैक्सीवे कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए तथा ग्राउंड स्टॉप लागू किया गया। इसके चलते एयरपोर्ट से आने-जाने वाली बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुईं। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को 160 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी। जबकि, करीब 325 उड़ानों में देरी हुई। बाद में शाम तक एयरपोर्ट के कुछ रनवे दोबारा खोल दिए गए लेकिन दुर्घटनाग्रस्त विमान की मौजूदगी के कारण सामान्य हवाई संचालन पर असर बना रहा।