मध्य प्रदेश में सक्रिय मजबूत मानसूनी सिस्टम ने एक बार फिर बारिश की रफ्तार बढ़ा दी है। रविवार को पूर्वी जिलों में तेज बारिश के बीच शहडोल में आकाशीय बिजली गिरने से 11 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के झींक गांव में धान की रोपाई के दौरान खेत में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिर गई। हादसे में 28 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें पहले झींक बिजुरी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं जिनकी हालत स्थिर बताई गई है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई अन्य घटनाओं में भी एक 11 साल के बच्चे समेत कुल तीन लोगों की जान चली गई। सभी हादसे खेतों और खुले स्थानों पर हुए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:भारत ने जिम्बाब्वे का 3-0 से किया सूपड़ा साफ, वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ, सक्रिय लो प्रेशर एरिया और डिप्रेशन के कारण बारिश का दौर तेज बना हुआ है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है। जिससे 27 से 30 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 334.9 मिमी (13.2 इंच) बारिश दर्ज हुई है। जबकि, इस समय तक 395.2 मिमी (15.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी मध्य प्रदेश में अब भी करीब 15 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। पूर्वी हिस्से में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 13 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
यह भी पढ़ें:राजगढ़ में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने गौवंशों को कुचला, 15 गाय-बछड़ों की मौत