सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से मौतों के मामले में गुरुवार को बड़ा एक्शन हुआ। नगर पालिका की टीम, फोर्स के साथ वार्ड नंबर 11 और 12 में पहुंची। यहां मुख्य आरोपी और करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू और आशीष साहू के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।
यह ध्वस्तीकरण कार्रवाई 3 जेसीबी की मदद से की गई। इस दौरान पुलिस फोर्स तैनात रहा। इसके अलावा मनीष लोधी के 3 मकानों के अवैध हिस्से भी गिरा दिए गए। बता दें कि सागर में जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है, लेकिन प्रशासन 15 मौतों की ही पुष्टि कर रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जहरीली शराबकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। वे बुधवार को सागर जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने यहां भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। सीएम ने कहा कि आरोपियों पर आजीवन कारावास और फांसी वाली धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन को फ्री हैंड दिया गया है।
पुलिस ने मामले में अब तक 33 आरोपियों में से 16 को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अवैध शराब तैयार करने, पैकिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी सामने आई है। जांच में बरेठी शराब दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर निवासी बंडा की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वह अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा के संपर्क में था।
बता दें कि 5 सितंबर की शाम बंडा सिविल अस्पताल में अचानक मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। मरीजों के शरीर में अकड़न, उल्टी, शरीर नीला पड़ने और आंखों की रोशनी कम होने जैसे लक्षण दिखे। पूछताछ में कई मरीजों ने शराब पीने की बात बताई। इसके बाद मरीजों को जिला अस्पताल और बीएमसी रेफर किया गया। रविवार सुबह तक 9 मौतें हो चुकी थीं। शाम तक मौतों का आंकड़ा 15 से ज्यादा हो गया। सोमवार को यह 22 के पार पहुंचा। वहीं, अबतक 32 मौतों की बात सामने आ रही है।