भोपाल। मध्य प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार 7 सितंबर को विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हमीदिया अस्पताल के गेट नंबर-1 से डॉक्टर मुख्यमंत्री निवास की ओर पैदल मार्च कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार की ओर से लंबे समय से मिल रहे मौखिक आश्वासन के बावजूद स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। डॉक्टरों ने अब स्पष्ट किया है कि वे आश्वासन के बजाय सरकारी आदेश चाहते हैं।

इंटर्न डॉक्टरों को फिलहाल हर महीने 14,337 रुपये स्टाइपेंड मिल रहा है। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर इसे बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्टाइपेंड बढ़ाने के मुद्दे पर शासन की ओर से करीब एक महीने पहले जल्द निर्णय का भरोसा दिया गया था। इसके बाद उन्होंने करीब डेढ़ महीने तक इंतजार किया लेकिन कोई आधिकारिक अधिसूचना सामने नहीं आई।

यह भी पढ़ें:दिल्ली पीजी हादसे में अबतक 7 की मौत, मालिक फरार, तलाश में जुटी 10 टीमें

इसी के बाद डॉक्टरों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया। सोमवार को बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर हमीदिया अस्पताल से मुख्यमंत्री निवास की तरफ रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों ने इसे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन बताया है। मार्च के दौरान डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने और लिखित आदेश जारी करने की मांग कर रहे हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि वे अपनी मांग मुख्यमंत्री मोहन यादव तक सीधे पहुंचाना चाहते हैं और यह जानना चाहते हैं कि स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर सरकार की ओर से अब तक दिए गए आश्वासन पर क्या कार्रवाई हुई है। आंदोलन के आगे के स्वरूप को लेकर भी मार्च के दौरान फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:अमेरिका में लैंडिंग के बाद गाड़ियों से टकराया बोइंग कार्गो विमान, 5 की मौत और 3 घायल