शाजापुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा रविवार को छठवें दिन में प्रवेश करेगी। इस दौरान दिग्विजय सिंह शाजापुर में राजराजेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। दिनभर चलने वाली पदयात्रा के दौरान वे विभिन्न स्थानों से होते हुए अभयपुर और ग्राम पनवाड़ी पहुंचेंगे।
रविवार सुबह 8 बजे श्री राजराजेश्वरी मंदिर में पूजन एवं दर्शन के बाद पदयात्रा शुरू होगी। यहां से यात्रा महेंद्र सिंह सेंगर फार्म हाउस, श्री हनुमान मंदिर सात इमली और अशोक लीलैंड शोरूम होते हुए आगे बढ़ेगी। दोपहर 1 बजे भोजन एवं विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद दोपहर 3 बजे अभयपुर स्थित श्री हनुमान मंदिर से पदयात्रा आगे बढ़ेगी और ग्राम पनवाड़ी पहुंचेगी। शाम 6 बजे पदयात्रा का विश्राम होगा। इसके बाद एबी रोड स्थित वाटर पार्क में रात्रि भोजन और शाजापुर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम होगा।
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपरा, धार्मिक आस्था और स्वाभिमान से जुड़े सवालों को जनसंवाद के केंद्र में लाना है। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता तथा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जा रही है। इसके साथ ही यात्रा सत्य, सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था के सम्मान का संदेश दे रही है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को पत्रकार जगत का भी समर्थन मिला है। शनिवार को यात्रा के पांचवें दिन स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश की ओर से शाजापुर में 50 से अधिक पत्रकारों ने एकत्रित होकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का अभिनंदन किया। स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने यात्रा के उद्देश्यों की सराहना करते हुए इसे सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संकल्प से जुड़ा अभियान बताया। पत्रकारों की ओर से मिले इस समर्थन ने यात्रा के दौरान उठाए जा रहे पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को नई चर्चा दी है।