नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम के बाद आब एक्स पर भी आ गई हैं। उन्होंने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की झलक दिखाई। वीडियो पोस्ट में उन्होंने अपने पति और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पहली मुलाकात को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे वे इंग्लैंड में एक ग्रीक रेस्टोरेंट में मिले थे, जब वे दोनों छात्र थे। 

इंग्लैंड में इटैलियन खाने की तलाश को याद करते हुए, सोनिया गांधी ने बताया कि उन्हें एक ऐसा ग्रीक रेस्टोरेंट मिला, जहां यूरोपीय और भारतीय छात्र अक्सर आते थे। वहीं उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग - अ जर्नी ऑफ लव' 10 नवंबर को लॉन्च होने वाली है। इस वीडियो में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के साथ अपनी यादें और अपने शुरुआती दिनों से लेकर अब तक के सफर को साझा किया है।

लगभग 2 मिनट के इस वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि कैम्ब्रिज में उनकी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मुलाकात कैसे हुई थी। उन्होंने उस रेस्तरां की तस्वीरें भी दिखाई जहां पहली बार वे दोनों मिले थे। X पर अपनी पहली पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, 'कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।

सोनिया गांधी ने वीडियो में तस्वीरें दिखाते हुए राजीव गांधी को एक बहुत आकर्षक और सौम्य व्यक्ति बताया। उन्होंने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान इंग्लैंड में खाना बहुत खराब होता था। उन्होंने कहा कि उस समय आज की तरह इतने रेस्तरां नहीं हुआ करते थे। वे इटैलियन खाना तलाशती थीं। सोनिया गांधी ने मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि खाने के लिए अच्छे रेस्तरां की तलाश के दौरान उन्हें वर्सिटी रेस्तरां मिला। इसी रेस्तरां में उनकी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मुलाकत हुई।

राजीव गांधी को याद करते हुए सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया कि जब वे पहली बार उनसे मिलीं तो उन्हें तुरंत लगा कि वे उनके साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी। सोनिया के मुताबिक, राजीव गंधी के मन में भी उनके लिए ऐसी ही भावनाएं थी। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। इसके बाद वे दोनों धीरे-धीरे दोस्त बन गए. वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते और घूमने-फिरने जाते थे। उन्होंने बताया कि एक बार वे दोनों वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जहां बहुत सारे छात्र मौजूद थे।