कॉकरोच जनता पार्टी  के प्रोटेस्ट के दौरान बच्चों पर लाठीचार्ज को लेकर अब बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। राजधानी भोपाल से ताल्लुक रखने वाले रजा मुराद ने प्रदर्शन में शामिल बच्चों के साथ सख्ती बरतने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विरोध कर रहे बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने जिम्मेदार पक्षों से अपील की कि हालात को बल प्रयोग से नहीं बल्कि बातचीत और संवेदनशीलता के जरिए संभाला जाए। इससे पहले अभिनेता रघुवीर यादव भी इस मुद्दे पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा चुके हैं।

सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में रजा मुराद ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो घटनाएं सामने आ रही हैं वे बेहद दुखद हैं। उनके मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर जिस तरह लाठियां बरसाई गई और उनके साथ मारपीट की गई वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं माना जा सकता।

यह भी पढ़ें:MP: सरकारी गोदाम से 35 लाख के किताब गायब, जांच टीम के पहुंचने से पहले लगी आग

रजा मुराद ने बच्चों की तुलना परिवार के सदस्यों से करते हुए कहा कि यदि घर का कोई बच्चा नाराज होता है या अपनी बात रखना चाहता है तो उसे डांटने या पीटने के बजाय समझाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल बच्चे भी इसी समाज और देश का हिस्सा हैं इसलिए उनकी भावनाओं को समझने और उनकी बात सुनने की जरूरत है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जब कोई बच्चा घायल होता है तो उसके घाव पर मरहम लगाया जाता है न कि उसके दर्द को और बढ़ाया जाता है। उनके अनुसार, मौजूदा हालात में बच्चों के जज्बात आहत हुए हैं और उन्हें सहानुभूति, भरोसे और बातचीत की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान लाठियों और थप्पड़ों से नहीं बल्कि बातचीत और संवेदनशील रवैये से निकल सकता है।

यह भी पढ़ें:सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही, विपक्ष के सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी

अभिनेता ने यह भी कहा कि आज जिन बच्चों को विरोध प्रदर्शन के दौरान सख्ती का सामना करना पड़ रहा है वही आगे चलकर देश की जिम्मेदारियां संभालेंगे। इसलिए उनके आत्मविश्वास और विश्वास को टूटने नहीं देना चाहिए। उन्होंने जिम्मेदार लोगों से अपील की है कि बच्चों के गुस्से और नाराजगी को समझते हुए ऐसा माहौल बनाया जाए। जिससे वे खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें। वीडियो के अंत में रजा मुराद ने कहा कि देश केवल सीमाओं से बना भू भाग नहीं बल्कि एक बड़ा परिवार है और बच्चे उसी परिवार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने आग्रह किया कि बच्चों को बेसहारा महसूस कराने के बजाय उन्हें अपनापन दिया जाए और उनके जख्मों को भरने का प्रयास किया जाए।

रजा मुराद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले अभिनेता रघुवीर यादव ने भी वीडियो जारी कर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान बच्चों पर लाठीचार्ज को लेकर नाराजगी जताई थी। पंचायत वेब सीरीज में अपने लोकप्रिय किरदार के लिए पहचाने जाने वाले रघुवीर यादव ने इस घटना को मासूम बच्चों के साथ हुई दरिंदगी बताया था। दोनों कलाकारों के बयानों के बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सार्वजनिक बहस और तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें:IND vs ZIM: भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया, वैभव सूर्यवंशी का दमदार अर्धशतक