नई दिल्ली। पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को टाइफाइड हो गया है। उन्होंने शनिवार को वीडियो जारी कर यह जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

दीपके ने शनिवार को एक्स पोस्ट पर साझा किए गए वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि मुझे टाइफाइड हो गया है। लेकिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने वीडियो में कहा कि मेरी तबीयत खराब थी। जिसकी जांच रिपोर्ट अब आ गई है। जांच रिपोर्ट में मुझे टाइफाइड बताया गया है। जिसका इलाज चल रहा है। सुबह-शाम इलाज चल रहा है।

उधर, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। दरअसल, कल केंद्रीय मंत्रियों से बैठक के बाद CJP ने कहा था कि अगर प्रधान का इस्तीफा नहीं होता तो 20 जुलाई जैसा एक्शन लेंगे। ऐसे में पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ गश्त भी तेज कर दी है। आसपास के इलाकों में इंटरनेट बंद हैं। दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन भी बंद करा दिए गए हैं ताकि ज्यादा लोग जंतर-मंतर न पहुंच सकें।

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि मुआवजे और दर्ज केस वापस लेने के मुद्दे पर आज सरकार से लिखित समझौते की उम्मीद है। इसके साथ ही, इस आंदोलन की मुख्य मांग यानी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर भी सरकार के जवाब का इंतजार है। बता दें कि कल CJP ने दावा किया था कि सरकार ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपए मुआवजा और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस वापस लेने पर सहमति दी है। जबकि मुख्य मांग यानी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर सरकार शनिवार को अपना कदम बताएगी।