नई दिल्ली। छात्र आंदोलन के दौरान बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों में छात्रों की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बिहार में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार को आज रात तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा। वहीं, अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी फिर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चेतावनी दी कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली, तो वह फिर से आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार ने समझौता तोड़ा है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर झूठे मुकदमों में फंसाया गया है।
दिल्ली में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेता आशुतोष रांका, सौरव दास के साथ एडवोकेट कपिल सिब्बल भी मौजूद थे। सिब्बल ने कहा कि मेरा रोल इस पार्टी के कानूनी मसलों में मदद करना है। CJP ने कहा कि हमने एक पोर्टल भी लॉन्च किया है, जिसके जरिए पीड़ित छात्र अपनी परेशानी शेयर कर सकते हैं। वे केस इन्फॉर्मेशन और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं।
इससे पहले दिन में CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को X पर लिखा था कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पार्टी का कहना है कि उसने देशव्यापी आंदोलन केंद्र सरकार के इस आश्वासन पर स्थगित किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। CJP ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा।