नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार पर ‘‘भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा’’ का आरोप लगाया। खड़गे ने कहा कि मध्य प्रदेश में अब लोगों की जान की कीमत नहीं बची है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार जवाबदेही से दोगुनी रफ्तार से भागती नजर आती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पर एक पोस्ट में सागर जिले में जहरीली शराब से 31 लोगों की मौत और 11 लोगों के अब भी जिंदगी और मौत से जूझने का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘31 परिवार उजड़ गए, किसी का बेटा गया, किसी का पिता, किसी का पति। लेकिन भाजपा सरकार के लिए ये भी बस एक और हादसा है।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में पिछले 22 वर्षों से बीजेपी सरकार का यही तरीका बन चुका है। उन्होंने बालाघाट में 27 से अधिक बच्चों की मौत, इंदौर में दूषित पानी से 36 लोगों की मौत, जहरीले कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत और सीधी में एक साल के दौरान 53 प्रसूताओं की मौत की खबरों का भी उल्लेख किया।

खड़गे का कहना है कि जहर शराब में हो, पानी में हो या दवा में, हर बार कीमत मध्यप्रदेश की जनता अपनी जान देकर चुका रही है। उन्होंने कहा, ‘और डबल इंजन सरकार जवाबदेही से दोगुनी रफ़्तार से भागती नज़र आती है।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि जब जनता न्याय की मांग करती है तो जवाब में वॉटर कैनन और आंसू गैस छोड़ी जाती है।

उन्होंने केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘केंद्र हो या भाजपा की राज्य सरकारें, जवाबदेही कोई नहीं लेता, सजा किसी को भी नहीं मिलती।’ खड़गे ने मध्य प्रदेश सरकार पर ‘भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा’ तक पहुंचने का आरोप लगाते हुए कहा कि उदासीनता और लापरवाही का आलम यह है कि अब लोगों की जान की भी कोई कीमत नहीं बची है।