महाराष्ट्र के नासिक और पालघर जिलों में शनिवार सुबह भूकंप के कई हल्के झटके महसूस किए गए। सबसे पहले नासिक जिले के सुरगाणा तालुका में लगातार चार झटके दर्ज किए गए। इसके बाद पालघर जिले में भी भूकंप महसूस हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान से जान माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, नासिक जिले के सुरगाणा तालुका के बोरगांव और आसपास के क्षेत्रों में सुबह करीब 9:55 बजे से भूकंप के चार हल्के झटके महसूस किए गए। एक के बाद एक आए झटकों से लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर इन झटकों की अधिकतम तीव्रता 3.6 दर्ज की गई थी।

यह भी पढ़ें:भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में MBBS इंटर्न्स का प्रदर्शन, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, नासिक में आए भूकंप का केंद्र शहर से लगभग 44 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम (NNW) दिशा में स्थित था। शुरुआती आकलन में भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई गई।

नासिक के बाद सुबह करीब 10:57 बजे पालघर जिले में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया था। यहां दहानू तालुका के धुंदलवाड़ी-कासा क्षेत्र में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, इसका केंद्र मुंबई से लगभग 93 किलोमीटर उत्तर में और जमीन से करीब 9 किलोमीटर की गहराई पर था।

यह भी पढ़ें:भोपाल में आज से दोनों ट्रैक पर दौड़ेगी मेट्रो, पीक आवर्स में हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन

दोनों जिलों में भूकंप के झटकों के बाद लोगों के बीच कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया था लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर भरोसा न करें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।