नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन ने केंद्र सरकार की नींद उड़ा दी है। प्रदर्शन को रोकने की तमाम कोशिशें नाकाम होने के बाद अब सरकार ने अब इंटरनेट के बिना चलने वाला Bitchat ऐप पर शिकंजा कसा है। केंद्र ने इस ऐप को बैन करने संबंधी निर्देश दिए हैं। सरकार को आशंका है कि जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट ठप होने पर प्रदर्शनकारियों ने आपस में जुड़े रहने के लिए बिना इंटरनेट वाले ब्लूटूथ मैसेजिंग ऐप्स Bitchat का इस्तेमाल किया।
Bitchat एक ब्लूटूथ मैसेजिंग ऐप है, जिसे ट्विटर के को-फाउंडर जैक डॉर्सी ने बनाया है। जैक डॉर्सी ने X पर गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) का नोटिस शेयर किया है। नोटिस में GitHub को Bitchat से जुड़े तीन रिपॉजिटरी, जिनमें मुख्य प्रोजेक्ट और Android वर्जन भी शामिल हैं, को तीन घंटे के भीतर हटाने या उनकी पहुंच बंद करने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने इसके लिए Information Technology Act, 2000 की धारा 79(3)(b) और Information Technology (Intermediary Guidelines and Digital Media Ethics Code) Rules, 2021 के नियम 3(1)(d) का हवाला दिया है। नोटिस में कहा गया है कि Bitchat ऐसा प्लेटफॉर्म है जो Bluetooth Mesh Network के जरिए बिना इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क या किसी केंद्रीय सर्वर के मैसेज भेज सकता है।
केंद्र सरकार का कहना है कि इस तरह की तकनीक से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए मैसेज ट्रैक करना और जांच करना मुश्किल हो सकता है। साथ ही इंटरनेट बंद होने की स्थिति में भी ऐसे ऐप का इस्तेमाल करके गैरकानूनी गतिविधियों, हिंसक विरोध प्रदर्शन, गलत सूचना फैलाने या अन्य आपराधिक गतिविधियों का समन्वय किया जा सकता है।
बता दें कि दिल्ली में CJP विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में डटे रहे। इसके बाद खबरें आईं कि प्रदर्शनकारियों द्वारा मोबाइल इंटरनेट बंद होने के बाद Bluetooth आधारित मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल संपर्क बनाए रखने के लिए किया जा रहा था। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि प्रदर्शनकारियों ने Bitchat का ही इस्तेमाल किया था। इसके बावजूद केंद्र ने अब Bitchat से जुड़े तीन रिपॉजिटरी को हटाने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि Jack Dorsey ने इसी महीने Bitchat को एक ओपन सोर्स मैसेजिंग ऐप के रूप में पेश किया था। यह ऐप Bluetooth Low Energy (BLE) की मदद से Mesh Network बनाता है। इसके जरिए आसपास मौजूद स्मार्टफोन एक-दूसरे तक एन्क्रिप्टेड मैसेज पहुंचाते हैं। जैसे-जैसे ज्यादा यूजर नेटवर्क से जुड़ते हैं, मैसेज कई डिवाइस के जरिए आगे बढ़ते हुए अधिक दूरी तक पहुंच सकते हैं।