नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में डटे हुए हैं। इस बीच नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, दफ्तरों और रेस्टोरेंट को 23 जुलाई 2026 को शाम 6:30 बजे तक बंद करने का निर्देश जारी किया है। एसोसिएशन के मतुाबिक यह फैसला क्षेत्र में बनी 'गंभीर स्थिति' को देखते हुए NDMC के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह पर लिया गया है।

दरअसल, जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस की दूरी महज 650 मीटर है। इस इलाके को दिल्ली के सबसे बड़े कमर्शियल और बिजनेस हब में से एक माना जाता है। यहां सरकारी और प्राइवेट कॉर्पोरेट ऑफिस के साथ-साथ शानदार रेस्टोरेंट और स्ट्रीट मार्केट के अलावा प्रीमियम और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के आउटलेट भी हैं। जंतर-मंतर पर जबसे कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन शुरू हुआ है, तो छात्रों की भीड़ कनॉट प्लेस पर भी नजर आती है।

कनॉट प्लेस पर अगर दुकानें और रेस्टोरेंट 6.30 बजे ही बंद हो जाते हैं तो प्रदर्शनकारी छात्रों के सामने खाने-पीने की समस्याएं भी आ सकती है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसा देखा जा रहा है कि पूरे देशभर से लोग अपने घरों में बैठकर CJP प्रदर्शनकारियों के लिए ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से खाना ऑर्डर कर जंतर-मंतर पर पहुंचा रहे हैं। ऐसे में अगर 6.30 बजे ही यहां के रेस्टोरेंट बंद हो जाएंगे तो प्रदर्शनकारी छात्रों को देर शाम या रात के समय खाने-पीने की किल्लत हो सकती है। 

इस आदेश के बाद लोगों ने आशंका जताई है कि पुलिस एक बार फिर प्रदर्शन स्थल खाली कराने की कोशिश कर सकती है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6.30 पीएम बंद करने के आदेश हैं। जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। ढेर सारी एंबुलेंस हैं। क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?'

इधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने अब 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP ने यह भी कहा है कि सरकार को बात करनी है तो जंतर-मंतर आए या फिर किसी न्यूट्रल जगह पर चर्चा करे। हम किसी के घर या ऑफिस नहीं जाएंगे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 24 घंटे में CJP को जेपी नड्डा के घर या ऑफिस पर बातचीत के लिए 4 बार ऑफर भेजा जा चुका है।