नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CJP के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके का पहला रिएक्शन सामने आया है। प्रधान के इस्तीफे पर दीपके ने कहा कि झुकती है दुनिया बस झुकाने वाला चाहिए। CJP फाउंडर ने कहा, 'कहा जाता था कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते। लेकिन इस्तीफा हुआ है। कहते थे कब तक बैठोगे। 36 दिन हर दिन मुझसे सवाल पूछा जाता था कि इस्तीफा नहीं होगा। लेकिन सरकार झुक गई। क्या कहते थे कि क्रांति नहीं होगी। लेकिन क्रांति हो गई।' 

अभिजीत दीपके और उनके समर्थक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मना रहे हैं। विरोध प्रदर्शन स्थल पर खुशी का माहौल है। अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से कहा, 'जब मैं अमेरिका से निकला था, तब कहा जा रहा था क्या होगा। लेकिन धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा।' अभिजीत दीपके और उनके साथी फिलहाल जंतर-मंतर पर जश्न मना रहे हैं। इससे पहले प्रधान ने इस्तीफा के साथ-साथ एक लेटर भी शेयर किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी जताते हुए एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'लोकतंत्र की जीत हुई।' इसके साथ ही दीपके का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह फोन पर बात करते खुशी से झूमते दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास जश्न का शोर सुना जा सकता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दीपके के हाथ में कैनुला लगा है। उन्होंने सुबह ही बताया था कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। मंच से उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित भी किया। इस दौरान अन्य लोग भी मंच पर झूमते नजर आए।

बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा पीएम मोदी को भेज दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा, देश-विरोधी तत्व जंतर-मंतर और पूरे देश में स्थिति का फायदा न उठा सकें, देश एकजुट रहे, भारत के छात्र कानूनी मुश्किलों में न फंसें और अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें, इसलिए मैंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा भेज दिया है।