रूस में वर्क वीजा पर इंजीनियर की नौकरी करने गए कानपुर निवासी चंदन गुप्ता को रूसी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से मदद की अपील की है। स्नेहा ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति को सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगाई है। उनका दावा है कि चंदन को रविवार रात करीब 12:30 बजे पुलिस अपने साथ ले गई और बाद में उनके जेल में होने की जानकारी मिली।
मॉस्को में अपने 10 साल के बच्चे के साथ रह रहीं स्नेहा ने कहा कि चंदन ने ऐसा कोई काम नहीं किया था जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया जाए। पति के रूसी पुलिस की हिरासत में होने की जानकारी के बाद वह उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्नेहा को आशंका है कि चंदन को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि रूस में लोगों को जबरन सेना में भेजे जाने की बातें सामने आ रही हैं इसलिए उन्हें डर है कि उनके पति के साथ भी ऐसा कुछ न हो। उन्होंने सरकार से चंदन की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS इंटर्न्स का प्रदर्शन: सीएम हाउस मार्च के लिए अड़े, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
स्नेहा ने बताया कि वह इस समय मॉस्को में अपने 10 साल के बच्चे के साथ अकेली हैं। उन्हें रूसी भाषा की जानकारी नहीं है। जिससे पति के बारे में जानकारी जुटाने और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने में उन्हें परेशानी हो रही है। इसी स्थिति में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप कर मदद करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से भी अपना वीडियो अधिक से अधिक साझा करने को कहा ताकि उनकी परेशानी सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके।
स्नेहा के मुताबिक, पति की हिरासत के बाद वह लगातार मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर रही हैं। उनका आरोप है कि उन्हें वहां से चंदन की स्थिति को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल रही है। स्नेहा ने कहा कि दूतावास की ओर से केवल इतना बताया जा रहा है कि उनके पति जल्द रिहा हो जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि विदेश में रोजगार के लिए गए भारतीय नागरिक की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। स्नेहा ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और चंदन को सुरक्षित भारत लाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:दिल्ली पीजी हादसे में अबतक 7 की मौत, मालिक फरार, तलाश में जुटी 10 टीमें