हरारे में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में केवल 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे थे। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल 118 दिन की उम्र में अर्धशतक पूरा कर टी-20 इंटरनेशनल में फिफ्टी लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 16 साल 56 दिन की उम्र में यह उपलब्धि अपने नाम की थी। वैभव की विस्फोटक पारी ने भारत की जीत को आसान बना दिया।
यह जीत श्रेयस अय्यर के लिए भी खास रही क्योंकि बतौर कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनकी पहली जीत है। इससे पहले उनकी कप्तानी में भारत को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 और इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 से सीरीज हार का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी में वेस्ली मधेवेरे सबसे सफल रहे। उन्होंने 39 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। वहीं, पारी के अंतिम चरण में तदिवानाशे मरुमानी ने नाबाद 27 रन बनाकर स्कोर को 125 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेज दिया और बाद में डियोन मायर्स का विकेट भी अपने नाम किया। प्रिंस यादव ने भी दो बल्लेबाजों को आउट किया। जबकि, शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली। जिम्बाब्वे के वेस्ली मधेवेरे रन आउट हुए। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी के दम पर भारत ने मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया।