नई दिल्ली। आईपीएल के आगामी सीजन की बोली लगने से पहले दोनों नई फ्रेंचाइजियों ने अपने अपने तीन खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया है। लखनऊ की फ्रेंचाइजी ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को अपने कुनबे में शामिल किया है। इसके साथ ही केएल राहुल आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। 

केएल राहुल के साथ लखनऊ की फ्रेंचाइजी ने 17 करोड़ में करार किया है। राहुल के अलावा लखनऊ फ्रेंचाइजी ने मार्कस स्टोइनिस और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया है। वहीं अहमदाबाद ने हार्दिक पांड्या को अपने साथ जोड़ा है। पांड्या के अलावा राशिद खान और शुभमन गिल को अहमदाबाद ने अपनी टीम में शामिल किया है। 

पांड्या और राशिद खान के साथ अहमदाबाद ने पंद्रह पन्द्रह करोड़ में करार किया है। जबकि शुभमन गिल को आठ करोड़ में अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी ने अपने साथ जोड़ा है। अगले महीने होने वाली नीलामी से पहले लखनऊ टीम के पास 59.89 करोड़ रुपए बचे हैं। जबकि अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी के पर्स में 52 करोड़ रुपए बचे हुए हैं। 

इसी बीच आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने अगले महीने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी है। कुल 1214 खिलाड़ियों ने बोली के लिए खुद को उपलब्ध बताया है। इनमें 896 खिलाड़ी भारतीय हैं, जबकि 318 खिलाड़ी विदेशी हैं।