नई दिल्ली। देशभर आज बेहद उत्साह के साथ 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दूसरी बार राजपथ पर तिरंगा फहराया। द्रौपदी मुर्मू और फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों बग्घी में कर्तव्य पथ पहुंचे। 1984 के बाद पहली बार कोई राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के लिए बग्घी से पहुंचा।



इस बार गणतंत्र दिवस की थीम 'विकसित भारत' और भारत-लोकतंत्र की मातृका (जननी) है। परेड का आगाज 100 महिला म्यूजिशियन ने शंख, नगाड़े और दूसरे पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ किया। 100 महिलाओं ने अपने पारंपरिक पहनावे में लोक नृत्य किया। यह पहली बार है परेड में तीनों सेनाओं की टुकड़ियों को महिला अफसरों ने लीड किया।





फ्लाईपास्ट में एयरफोर्स के 51 एयरक्राफ्ट हिस्सा लिया। इनमें 29 फाइटर प्लेन, 7 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, 9 हेलिकॉप्टर और एक हेरिटेज एयरक्राफ्ट हैं। फ्लाईपास्ट में पहली बार फ्रांसीसी सेना के राफेल भी शामिल हुए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वॉर मेमोरियल पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने 2 मिनट का मौन रखा। इसके बाद वे गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने के लिए कर्तव्य पथ पहुंचे। 



कर्तव्य पथ पर पहली बार ट्राई-सर्विस कंटिंजेंट में सभी महिला सैनिकों की टुकड़ी ने हिस्सा लिया। इसमें अग्निवीर भी शामिल हुईं। इस टुकड़ी का नेतृत्व कैप्टन संध्या ने किया। इनका मोटो है- सेवा और सहायता



भारतीय वायु सेना की झांकी भी परेड में शामिल हुई। इसका विषय- भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर रखा गया। इसके कमांडर फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनन्या शर्मा और फ्लाइंग ऑफिसर अस्मा शेख रहीं। कर्तव्य पथ पर पहली बार BSF महिला ब्रास बैंड और सीमा सुरक्षा बल की महिला टुकड़ी ने मार्च किया। 'नारी शक्ति' देश की महिला शक्ति को दर्शाया।



कर्त्तव्य पथ पर पहली बार सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा की महिला टुकड़ी ने मार्च किया। इसका नेतृत्व मेजर सृष्टि खुल्लर ने किया। इसमें आर्मी डेंटल कोर से कैप्टन अंबा सामंत, भारतीय नौसेना से सर्जन लेफ्टिनेंट कंचना, भारतीय वायु सेना से फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिव्या प्रिया शामिल रहीं।





भारतीय नौसेना की झांकी में 'नारी शक्ति' और 'आत्मनिर्भरता' को दर्शाया गया। इसमें विमानवाहक पोत INS विक्रांत और नौसेना के जहाज दिल्ली, कोलकाता और शिवालिक और कलवरी क्लास पनडुब्बी को भी दिखाया गया। सेना की 11 इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर बटालियन की लेफ्टिनेंट कर्नल अंकिता चौहान ने गणतंत्र दिवस की परेड में मोबाइल ड्रोन जैमर सिस्टम की टुकड़ी का नेतृत्व किया।