जबलपुर। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जबलपुर पुलिस ने चरगवां इलाके में 60 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। गुररहा के जंगल में सीएम राइज स्कूल के पास घेराबंदी कर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को पकड़ा है। दोनों शराब को कैनों में भरकर चरगवां क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है।
कार्रवाई एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे को मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक कैनों में कच्ची शराब लेकर इलाके में पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने गुररहा के जंगल में सीएम राइज स्कूल के पास निगरानी और घेराबंदी शुरू की।
यह भी पढ़ें:MP में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल से सरकारी अस्पतालों के OPD बंद
कुछ देर बाद पुलिस को एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। बाइक के दोनों तरफ कैन लटकी हुई थी। जबकि, उनके बीच सफेद बोरी रखी थी। पुलिस को देखते ही दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के चलते उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में बाइक चला रहे युवक की पहचान विजय ठाकुर (30) और उसके साथ बैठे युवक की पहचान सुनील ठाकुर (23) के रूप में हुई है। दोनों रमपुरी (कोहला) गांव के निवासी हैं। पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो 15-15 लीटर की चार कैनों में कुल 60 लीटर कच्ची शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक MP 20 ZB 3808 भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें:Meta ने लॉन्च किया पर्सनल AI एजेंट Muse, आपके लिए ईमेल से लेकर शॉपिंग और ट्रैवल बुकिंग तक कर सकेगा
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब कहां तैयार की गई थी, आरोपियों ने इसे किससे हासिल किया और चरगवां के किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी। अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रामसिंह जाट के साथ आरक्षक विपुल कुमार सिंह, सुनील, विजय और दीपक घारू की भूमिका रही थी।