देशभर में 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर करने वालों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टोल टैक्स में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का फैसला किया है जो हर साल होने वाली वार्षिक समीक्षा के तहत लागू किया जा रहा है। इस बदलाव का असर खास तौर पर जबलपुर से नागपुर, रायपुर, प्रयागराज और भोपाल जैसे प्रमुख हाईवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों पर पड़ेगा।

नई दरें लागू होने के बाद कार चालकों को अलग-अलग टोल प्लाजा पर 5 से 10 रुपए तक ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है। जबलपुर के आसपास स्थित प्रमुख टोल प्लाजा जैसे बरगी पर फिलहाल 165 रुपए, सिहोरा पर 130 रुपए, शहपुरा पर 90 रुपए और बरेला पर 35 रुपए का शुल्क लिया जा रहा है जिसमें अब बढ़ोतरी होगी।

यह भी पढ़ें:अयोध्या में राम मंदिर के पास बड़ा हादसा, लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान लगी भीषण आग

सिर्फ टोल शुल्क ही नहीं बल्कि फास्टैग से जुड़े सालाना पास की कीमत भी बढ़ाई गई है। अब तक 3000 रुपए में मिलने वाला यह पास 1 अप्रैल से 3075 रुपए का हो जाएगा। इस पास में एक साल के भीतर 200 टोल पार करने की सुविधा मिलती है। अधिकारियों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी पहले से तय वार्षिक संशोधन प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें हर साल कीमतों की समीक्षा की जाती है।

टोल दरें तय करने के पीछे होलसेल प्राइस इंडेक्स मुख्य आधार होता है। इसके अलावा सड़क की लंबाई और उस पर उपलब्ध सुविधाएं जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास और टनल भी शुल्क निर्धारण में अहम भूमिका निभाते हैं। जहां बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होता है वहां टोल दरें अधिक होती हैं।

यह भी पढ़ें:आगर मालवा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 1 की मौत और 15 घायल

हालांकि, इस बढ़ोतरी को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि टोल बढ़ाना उचित हो सकता है लेकिन सड़कों का रखरखाव भी उतना ही जरूरी है। कई यात्रियों ने शिकायत की है कि भोपाल रोड की स्थिति खराब है और बरेला के आगे अभी भी निर्माण कार्य जारी है और इसके बावजूद पूरा टोल वसूला जा रहा है।

सरकार के आंकड़ों के अनुसार, फास्टैग आधारित इस सालाना पास को अब तक 52 लाख से अधिक वाहन मालिक इस्तेमाल कर रहे हैं। यह लंबी दूरी तय करने वालों के लिए किफायती विकल्प माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसे जरूरत के अनुसार बार-बार रिचार्ज किया जा सकता है। अगर कोई वाहन चालक बढ़ी हुई कीमतों से बचना चाहता है तो उसके पास 31 मार्च तक का समय है। इस तारीख तक पास खरीदने या रिचार्ज कराने पर पुरानी दर यानी 3000 रुपए ही लागू होगी।

यह भी पढ़ें:IPL 2026 के आगाज से पहले CSK को झटका, चोट के चलते शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं माही