रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। पिपलोदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जिसकी वजह से जुलूस में शामिल कई लोगों में करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, हादसे में कई लोग झुलस गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से शुरुआती तौर पर दो मौतों की पुष्टि की गई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि अरबाज के परिजन उन्हें अस्पताल से अपने साथ ले गए थे। वहीं, रतलाम मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. रविंद्र सोलंकी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में तीन लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। उन्होंने बताया कि तीन मृतकों में से दो के परिजन औपचारिक प्रक्रिया पूरी किए बिना ही शव अपने साथ ले गए थे। जबकि, एक शव मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्यूरी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें:UP में टोल प्लाजा से टकराकर फटा LPG टैंकर, 7 लोग गंभीर रूप से झुलसे
घटना में घायल लोगों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास (16), मोइन शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान और इरफान सहित कई लोग शामिल हैं। वहीं, इब्राहिम को रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की लगातार निगरानी कर रही है। कुछ अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भी ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर गांव में हर साल की तरह ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इसमें करीब 100 से 200 लोग शामिल थे। जुलूस आगे बढ़ रहा था तभी लगभग 20 फीट की ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। संपर्क होते ही तेज करंट पूरे ताजिए और उसके आसपास मौजूद लोगों में फैल गया। इससे आगे चल रहे कई लोग अचानक जमीन पर गिर पड़े और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें:लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में भी एक्शन, 62 कोचिंग सेंटरों को नोटिस और कई संस्थान सील
चश्मदीद इमामुद्दीन मंसूरी का कहना है कि जिस बिजली लाइन से ताजिया टकराया वह सामान्य से काफी नीचे थी। उनका आरोप है कि हादसे के समय मौके पर न पुलिस बल मौजूद था और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी या लाइनमैन तैनात था। अचानक हुए हादसे से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आसपास मौजूद लोगों ने ही घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर अस्पताल भेजा।
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें करंट लगने के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में कई लोग सड़क पर गिरे नजर आ रहे हैं। जबकि, अन्य लोग घायलों को उठाकर सुरक्षित स्थान तक ले जाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थी।
यह भी पढ़ें:रेडिसन होटल को पानी की बोतल पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना पड़ा भारी, उपभोक्ता आयोग ने मुआवजे का दिया आदेश