नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बीच अश्वनी कुमार ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है। अश्वनी कुमार ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है। अश्वनी कुमार ने अपने इस्तीफे में सोनिया गांधी से कहा है कि वे पार्टी के बाहर रहकर देश के लिए काम करना चाहते हैं। 

अश्वनी कुमार पंजाब से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद थे। वे मनमोहन सरकार में कानून मंत्री भी रहे थे। अश्वनी कुमार के अचानक इस इस्तीफे से राजनीतिक गहमागहमी तेज़ है। हालांकि अब तक उनके किसी दूसरे दल में शामिल होने की खबर नहीं है। वहीं अभी तक कांग्रेस के के बड़े नेता ने अश्वनी कुमार के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है। 

अश्वनी कुमार से पहले उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने भी हाल ही में पार्टी छोड़ दी थी। आरपीएन सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। खुद अश्वनी कुमार पिछले 46 वर्षों से कांग्रेस का हिस्सा थे, लेकिन आज उन्होंने अचानक पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया।

आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के पटियाला में जनता को संबोधित किया। राहुल गांधी ने अपनी चुनावी रैली में जनता से कहा कि एक मौका मांगने वाले लोग पंजाब को बर्बाद कर देंगे। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए जनता को आगाह किया कि आप इन दोनों को देखने के बजाय इन दोनों नेताओं के पीछे शक्ति को पहचानिए।

यह भी पढ़ें : एक मौका मांगने वाले पंजाब को बर्बाद कर देंगे, पटियाला में जमकर बरसे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि जब मैं 2013 में पंजाब आया था, तब मैंने कहा था कि राज्य के युवाओं को सबसे ज्यादा खतरा ड्रग्स है। तब इसी बीजेपी और अकाली दल ने कहा था कि राहुल गांधी बकवास कर रहा है। राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही पंजाब को बेहतर विकल्प दे सकती है।