बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर कांग्रेस लीडर सिद्धारमैया ने चुनावी राजनीति से संन्यास का ऐलान कर दिया है। सिद्धारमैया ने कहा है कि वह 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, वे जनहित से जुड़े मुद्दे उठाते रहेंगे।
सिद्धारमैया ने मंड्या जिले के के.आर. पेट में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि राजनीति अब पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है और ईमानदार राजनीति के लिए जगह नहीं बची है। सिद्धारमैया ने कहा, 'मैं अब 79 साल का हो चुका हूं। हमारी सरकार का कार्यकाल अभी करीब डेढ़ साल बाकी है। तब तक मेरी उम्र 81-82 साल हो जाएगी। मेरी सेहत पहले जैसी मजबूत नहीं रही। अब पहले जैसे उत्साह के साथ काम करना संभव नहीं है।'
सिद्धारमैया ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोग एक बार फिर मुझ पर चुनाव लड़ने का दबाव बना रहे हैं। लेकिन मैंने फैसला कर लिया है कि अब आगे कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा। पहले जब मैं चुनाव लड़ता था, तब क्षेत्र के लोग हमें पैसे देते थे और हमारी जीत सुनिश्चित करते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं रहा।
सिद्धारमैया का यह बयान उनके CM पद छोड़ने के दो महीने बाद आया है। सिद्धारमैया ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश और रोटेशनल सीएम फॉर्मूले (दो या ज्यादा नेताओं के बीच 5 साल के कार्यकाल को बांटना) के तहत 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दिया था। वे 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री थे। उनके बाद डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया।