दिल्ली। देश में कोरोना की तीसरी लहर के खतरे के बीच बच्चों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। अब सरकार 12 से 14 साल तक के बच्चों के वैक्सीनेशन की तैयारी कर रही है। जैसे ही फरवरी के अंत में 15 से 18 साल के किशोरों का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा होगा उसके बाद मार्च में 12 से 14 साल की उम्र के बच्चों का टीकाकरण होगा।इसके संकेत टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) के प्रमुख एनके अरोड़ा ने दिए हैं। उनका कहना है कि मार्च 2022 से 12 साल तक के बच्चों का टीकाकरण शुरू होगा।

फरवरी के अंत तक 15 साल तक के बच्चों का वैक्सीनेशन पूरा हो जाएगा। अब तक इस आयुवर्ग के साढ़े 3 करोड़ से ज्यादा किशोरों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज मिल चुकी है। देश में 15-18 वर्ष के आयु वर्ग में करीब 7.4 करोड़ किशोर हैं। किशोरों को कोवैक्सीन लगाई जा रही है। इसकी दूसरी डोज 28 दिनों में बाद दी जाएगी। इसके बाद मार्च की शुरूआत से ही 12 साल तक की उम्र के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। किशोरों के टीकाकरण की शुरूआत 3 जनवरी 2022 से हुई थी।

और पढ़ें: MP में जारी है कोरोना का कहर, रविवार को 6900 से अधिक मामले दर्ज

NTAGI के प्रमुख का कहना है कि इस टीकाकरण अभियान में किशोरों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। माना जा रहा है कि जनवरी के अंत तक सभी किशोरों को पहली खुराक लग जाएगी और दूसरी खुराक फरवरी के अंत तक दिए जाने की उम्मीद है। वहीं पूरी आबादी की बात करें तो करीब 157 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।वहीं देश में कोरोना मामले भी बढ़ते जा रहे हैं बीते 24 घंटों में 2 लाख 58 हजार 89 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 385 लोगों की मौत हुई थी।