गुवाहटी। देश की सबसे लंबी नदी ब्रह्मपुत्र में रोपवे सेवा शुरू हो गई है। यह देश का सबसे लंबा रोप वे है, जो गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ेगा। इस रोपवे का उद्घाटन सोमवार को असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंता बिस्वा सरमा और गुवाहाटी विकास विभाग के मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने किया। यह रोप वे 1.8 किलोमीटर लंबा है। इस में दो केबिन हैं, हर केबिन में 30 यात्री बैठ सकते हैं। यह रोपवे गुवाहाटी में कचहरी घाट से उत्तरी गुवाहाटी के डोल गोविंदा मंदिर तक बनाया गया है।

रोप वे के निर्माण में आई 56 करोड की लागत  

इस रोप वे के निर्माण में 56 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसमें सभी सुरक्षा उपकरणों का ध्यान रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इसके निर्माण में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया है। माना जा रहा है कि रोपवे सेवा शुरू होने से लोगों को गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच यात्रा करने में कम समय लगेगा। इस रोपवे सेवा शुरू होने से असम में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

 

100 रुपए में यात्री कर सकेंगे रोप वे में सफर

फिलहाल कोरोना गाइडलाइन के मद्देनजर एक बार में केवल 15 यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति होगी। जबकि इसकी क्षमता 30 यात्रियों की है। इस रोपवे से यात्री गुवाहाटी शहर की खूबसूरती के साथ विशाल ब्रह्मपुत्र और पिकॉक आइलैंड में बने उमानंद मंदिर का नजारा आसानी से देख पाएंगे।

यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इसमें दोनों तरफ के आने-जाने का किराया 100 रूपये रखा गया है। ब्रह्मपुत्र नदी पर बने इस रोपवे से गुवाहाटी की खूबसूरती को और नजदीक से निहारा जा सकता है।