एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट टूर्नामेंट का ड्रॉ और मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें अपने-अपने वर्ग में सीधे नॉकआउट चरण में उतरेंगी। मेंस कैटेगरी में भारत के साथ पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को भी सीडिंग के आधार पर क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। जबकि, विमेंस कैटेगरी की प्रतियोगिता की शुरुआत ही क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से होगी।

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक खेली जाएगी। भारतीय महिला टीम अपने पहले मुकाबले में जापान का सामना करेगी। अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बांग्लादेश की भिड़ंत चीन से, पाकिस्तान का मुकाबला थाईलैंड से और श्रीलंका का सामना मलेशिया से होगा। इन मैचों के विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें:पेपर लीक संशोधन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, 27 जुलाई को संसद में पेश होगा

इसके बाद पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक चलेगी। इस बार मेंस कैटेगरी में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर सीडिंग मिलने से सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। वहीं, अफगानिस्तान, नेपाल, जापान, मलेशिया, ओमान और हॉन्ग कॉन्ग को पहले प्रारंभिक दौर खेलना होगा।

प्रीलिमिनरी राउंड में छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान हैं। जबकि, ग्रुप-बी में मलेशिया, ओमान और हॉन्ग कॉन्ग को रखा गया है। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी और वहां उनका मुकाबला भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी शीर्ष वरीय टीमों से होगा।

टूर्नामेंट के ड्रॉ के अनुसार, भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत शुरुआती नॉकआउट चरण में संभव नहीं है। दोनों टीमें केवल सेमीफाइनल या फाइनल में आमने-सामने आ सकती हैं यदि वे अपने-अपने मुकाबले जीतकर आगे बढ़ती हैं।

यह भी पढ़ें:CG: सूरजपुर में कोल परियोजना पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस को पीटा, DSP समेत 15 जवान घायल

भारतीय महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। पुरुष टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है और तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। मेंस कैटेगरी के सभी मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे और इन्हें आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय (T20I) दर्जा भी मिलेगा।

भारत इस बार दोनों कैटेगरी (मेंस और विमेंस) में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा। 2023 एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष टीम ने बारिश से प्रभावित फाइनल में बेहतर सीडिंग के आधार पर अफगानिस्तान के खिलाफ स्वर्ण पदक जीता था। उस मुकाबले में अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में 112/5 रन बनाए थे लेकिन बारिश के कारण दूसरी पारी नहीं हो सकी। वहीं, महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

यह भी पढ़ें:बच्चों के जख्मों पर मरहम लगाइए, नमक नहीं, जंतर-मंतर लाठीचार्ज की रजा मुराद ने की निंदा