दुर्ग। नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। महापौर के कोरोनो संक्रमित होने से लोगों में हड़कंप मच गया है। दरअसल महापौर धीरज बाकलीवाल लगातार नगर निगम आते रहे हैं। महापौर पार्षदों,एमआईसी मेंबर और नगर निगम कमिश्नर सहित निगम के अन्य अधिकारियों से लगातार संपर्क में थे।

कोरोना के रैपिड टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी उन्होंने खुद दी है। महापौर धीरज बाकलीवाल का कहना है कि अभी उनकी आरटीपीसीआर की फाइनल रिपोर्ट आनी बाकी है। उन्होंने कहा है कि डॉक्टर की सलाह से वो क्वारंटाइन हो गए हैं। उन्होंने अपील की है कहा है कि पिछले कुछ दिनों से जो लोग व निगम के कर्मचारी या अधिकारी मेरे संपर्क में आये हैं डाक्टरों की सलाह से अपना स्वास्थ परीक्षण कराएं।

दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने आम जनता और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की थी। वे लगातार सक्रिय थे, निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण करने अधिकारियों के साथ मौके पर जाते थे। वे अक्सर दुर्ग विधायक अरुण वोरा के साथ नजर आते रहे हैं। महापौर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विधायक अरुण वोरा, निगम के अधिकारियों, पार्षदों सहित सभी की कोरोना जांच करवाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल महापौर के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन होने के निर्देश दिए गए हैं।

 छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हजार के पार हो गई है। प्रदेश में 3 हजार 509 एक्टिव मरीज हैं। वहीं 9 हजार 17 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया। कोरोना से मरने वालों की संख्या 100 हो गई है। छत्तीसगढ़ के कई नेता, उनके रिश्तेदार और विधायक, मंत्री, IAS कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।