लग्जरी फैशन ब्रांड लुई वीटॉन के मालिक बर्नार्ड आरनॉल्ट इस धरती के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। आरनॉल्ट ने अमेजन के फॉउंडर जेफ बेजोस और इलेक्ट्रॉनिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला के मालिक एलन मस्क को पीछे छोड़ दिया है। फोर्ब्स पत्रिका की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट में 198.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ फ्रांसीसी बिजनेसमैन को टॉप पर रखा गया है।

अमेजन फॉउंडर जेफ बेजोस जो इस लिस्ट में अबतक सबसे ऊपर थे, उनकी संपत्ति 194.4 अरब डॉलर बताई गई है और उन्हें दूसरे स्थान पर रखा गया है। स्पेस एक्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क इस सूची में 185.5 अरब डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार, जेफ बेजोस की कुल संपत्ति में 590 मिलियन डॉलर की गिरावट हुई, जिसके बाद वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अमेजन द्वारा दूसरी तिमाही की आय दर्ज करने के बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयर में 7.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

फ्रांसीसी बिजनेसमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट की उम्र 72 वर्ष हैं। वे मशहूर फैशन ब्रांड लूई वीटॉन मोएट हेनेसी के अलावा कुल 70 ब्रांड्स के मालिक हैं। इन ब्रांड्स में मार्क जैकब्स, केंजो, स्टेला मेकार्टनी फेंडी, क्रिश्चियन डायर, गिवेंची और सेफोरा जैसे मशहूर ब्रांड्स शामिल हैं। कोविड-19 के बाद उनकी कई ब्रांडों ने 2021 की पहली छमाही में रिकॉर्ड बिक्री और मुनाफा दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सरकार के मीडिया प्रमुख की हुई हत्या, तालिबान ने नमाज पढ़ते समय मारी गोली

आरनॉल्ट का जन्म 5 मार्च 1949 को फ्रांस के तीसरे सबसे बड़े शहर रूबैक्स में हुआ था। उन्होंने प्रतिष्ठित स्कूल इकोले पॉलीटेक्निक से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। साल 1984 में बर्नार्ड ने एक टेक्सटाइल ग्रुप का अधिग्रहण करने के बाद गुड्स मार्केट में कदम रखा था। 

यह पहली बार नहीं है जब आरनॉल्ट को दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में शीर्ष स्थान पर रखा गया है। इसके पहले भी वह कई बार नंबर एक पर पहुंच चुके हैं। बता दें कि रियल-टाइम बिलिनेयर्स लिस्ट की मदद से दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में दैनिक उतार-चढ़ाव को नापा जाता है। इसकी मदद से ये पता लगाया जाता है कि किसकी संपत्ति कितनी बढ़ी या घटी है जिसके बाद अमीर लोगों की सूची तैयार होती है।