मुंबई। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन ग्लोबल मार्केट से मिले निगेटिव संकेतों के बीच शेयर मार्केट में गिरावट देखी जा रही है। फ्लैट ओपनिंग के बाद, BSE सेंसेक्स करीब 1 फीसदी या 699.74 अंक नीचे गिरकर 73,959 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 करीब 0.83% या 194 अंक नीचे गिरकर 23,290 के करीब कारोबार करता दिखा।
रुपये की शुरुआत, आज भी अच्छी नहीं रही और शुरुआती कारोबार में ये डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 95.50 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। इससे पहले प्री ओपन में BSE सेंसेक्स 300 अंक तक नीचे सरक गया था। बाद में ये 74,500 के करीब कारोबार करता दिखा। वहीं NSE निफ्टी 50 करीब 80 अंक नीचे गिरा था, जो बाद में 23,400 के करीब कारोबार करता दिखा।
इससे पहले गिफ्ट निफ्टी 23,469 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 134 अंकों की कमी है। यह भारतीय शेयर बाजार के लिए शुभ संकेत नहीं था और पहले ही अंदेशा जताया जा रहा था कि सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान पर खुल सकते हैं। मार्केट खुला तो यही हुआ। इससे पहले अमेरिका-ईरान वार्ता से उपजे तनाव के बीच मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे।
डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 228.91 अंक या 0.45 प्रतिशत बढ़कर 51,307.79 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 9.94 अंक या 0.13 प्रतिशत बढ़कर 7,609.90 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 7.09 अंक या 0.03 प्रतिशत बढ़कर 27,093.90 पर बंद हुआ था। बता दें कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ा है। इससे मार्केट में अनिश्चितता आई है और निवेशकों में डर है। विदेशी निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। मई में FII ने 71 हजार रुपए भारतीय शेयर बाजार से निकाले।