नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक पर चर्चा करने के लिए आज 'इंडिया' गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई सांसद मौजूद रहे। बैठक के उपरांत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार परिसीमन के नाम पर कुछ भी कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल लोकतंत्र के लिए खतरा है और इसके जरिए SC-ST वर्ग के साथ नाइंसाफी हो सकती है। खड़गे ने कहा कि सरकार पूरी सत्ता अपने हाथ में लेना चाहती है।

खड़गे ने शनिवार को कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा पूरी सत्ता हाथ में लेने की कोशिश कर रही है। यह हमें स्वीकार नहीं है। जैसे चीन में हाथ उठाते हैं, वैसे ही भारत में करना चाहते हैं कि हाथ उठाकर बहुमत लेकर लोकतंत्र खत्म करेंगे। बैठक में विपक्ष ने परिसीमन बिल का विरोध करने पर सहमति बनाई। राहुल गांधी आज शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नए परिसीमन से SC-ST की सीटें बढ़ना चाहिए। सरकार जो बिल ला रही है, उसमें इसका प्रावधान नहीं है। नया बिल जो आने वाला है, उसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। खड़गे ने कहा कि दागी चुनाव आयोग, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वोटर लिस्ट से हटाया। उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। यह हमें स्वीकार नहीं है। ज्ञानेश कुमार अपराधी है। उनके नेतृत्व में यह सब होगा तो सब गड़बड़ होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि वोट चोरी के मामले में जैसा उन्हें डायरेक्शन मिला, वैसे ही परिसीमन में यह करेंगे। फेयर इलेक्शन के लिए ज्ञानेश तैयार नहीं है। असम और जम्मू-कश्मीर में इन्होंने गलत तरीके से परिसीमन किया। आज जब उनको महसूस हो रहा है कि नंबर आ गए, तब यह बिल ला रहे हैं। चंद लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि 850 सीटें बढ़ जाएंगी तो देश को बढ़ा नुकसान होगा। लोकतंत्र खत्म होगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोहराया कि 850 सीटें करके यह अपने हाथ में सत्ता लेना चाहते हैं, उनके हाथ सत्ता गई तो यह संविधान बदल सकते हैं। इसलिए हम इसका विरोध करेंगे। बता दें कि कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए एक व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने अपने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है।