भोपाल के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की। खिताबी मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ भारत टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक खिताब जीतने वाली टीम बन गया है। फाइनल में दीपिका ने दो गोल दागे। जबकि, इशिका ने एक गोल कर जीत में अहम योगदान दिया।
इससे पहले भारत और साउथ कोरिया के नाम तीन-तीन खिताब जीतने का रिकॉर्ड बराबर था। भारतीय टीम ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। चौथी बार ट्रॉफी जीतकर भारत ने साउथ कोरिया को पीछे छोड़ दिया।
फाइनल की शुरुआत में चीन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत पर दबाव बनाया था। मैच के 24 मिनट 55 सेकेंड पर चेन युजुन ने गोल कर चीन को 1-0 की बढ़त दिला दी थी। शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद भारतीय टीम ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए।
तीसरे क्वार्टर में भारत को सफलता मिली। दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकेंड पर गोल करके मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया था। इसके बाद भारतीय टीम ने चीन को संभलने का मौका नहीं दिया। इशिका ने 41 मिनट 15 सेकेंड में गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। महज 70 सेकेंड बाद दीपिका ने एक और गोल दागते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त कायम रखी और खिताब पर कब्जा जमा लिया।
भारतीय महिला टीम ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। लीग चरण में भारत ने मलेशिया, साउथ कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान को शिकस्त दी थी। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
सेमीफाइनल में भी दीपिका का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने दो गोल किए थे। जबकि, मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और इशिका ने एक-एक गोल का योगदान दिया था। दूसरी ओर चीन ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल में चीन को हराने के साथ ही भारत ने न केवल अपना चौथा खिताब जीता बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहने का रिकॉर्ड भी कायम रखा। भोपाल में मिली इस जीत ने भारतीय महिला हॉकी टीम को एशिया की सबसे सफल टीम के रूप में स्थापित कर दिया।