मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया का निधन हो गया है। अक्षय कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी मां के निधन की जानकारी दी है। इस दौरान अक्षय कुमार ने एक भावुक पोस्ट भी लिखी है, जिसमें एक्टर ने कहा है कि इस समय वे असहनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं। 



अक्षय कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'वो मेरा अहम हिस्सा थीं। आज मैं सबसे असहनीय पीड़ा से गुजर रहा हूं। आज सुबह मेरी मां अरुणा भाटिया ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अब वे दूसरी दुनिया में मेरे पिता के साथ हैं। अक्षय कुमार ने तमाम उन लोगों का शुक्रिया अदा किया है, जिन्होंने इस कठिन दौर में दुआएं मांगी थीं। अक्षय कुमार ने कहा है कि मैं आप सभी की प्रार्थनाओं का सम्मान करता हूं, इस समय मैं और मेरा परिवार कठिन दौर से गुजर रहा है।





अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। बीते 3 सितंबर को उन्हें हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे आईसीयू में भर्ती थीं। मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलना पर अक्षय कुमार फौरन ही भारत लौट आए थे। अक्षय कुमार लंदन में अपनी आगामी फिल्म सिंडरेला की शूटिंग कर रहे थे।



अक्षय कुमार की मां के निधन की खबर मिलने के बाद सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार के फैंस श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। साथ ही अक्षय कुमार से इस मुश्किल वक्त में हौसला बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। एयरलिफ्ट फिल्म में उनकी को स्टार रहीं निमृत कौर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।