कनाडा के मशहूर अभिनेता क्रिस्टोफर प्लमर का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। क्रिस्टोफर प्लमर की मौत शुक्रवार को कनेक्टिकट में उनके घर पर हुई। प्लमर को उनके एक्टिंग के करियर में एक ऑस्कर अवॉर्ड, दो टोनी अवॉर्ड और दो ऐमी अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। प्लमर ने सिनेमा के इतिहास की बेस्ट म्यूजिकल फिल्म मानी जाने वाली 'द साउंड ऑफ म्यूजिक' में भी अभिनय किया था। प्लमर के निधन से उनके फैंस और साथी कलाकार स्तब्ध हैं।

क्रिस्टोफर के निधन की पुष्टि उनके काफी पुराने दोस्त और मैनेजर लो पिट ने की है। पिट ने बताया कि प्लमर के जीवन के अंतिम पलों में उनकी 51 साल की पत्नी एलेन टेलर उनके साथ मौजूद रहीं। प्लमर कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। पिट के अनुसार 'क्रिस्टोफर एक असाधारण व्यक्ति थे, जो अपने प्रोफेशन को काफी पसंद करते थे।' अपनी जिंदगी के करीब 70 साल फ़िल्म इंडस्ट्री को देने वाले क्रिस्टोफर को चाहने वाले उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

क्रिस्टोफर प्लमर को उनकी ऐतिहासिक फिल्म 'द साउंड ऑफ म्यूज़िक' में कैप्टन जॉर्ज वॉन ट्रैप का दमदार किरदार निभाने के लिए दुनियाभर में पसंद किया जाता है। उन्होंने अपने 70 साल के करियर में कई शानदार फिल्मों में अभिनय किया। इनमें उनकी मशहूर फिल्म बिगिनर्स 'Beginners) शामिल है, जिसके लिए उन्हें साल 2012 में बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड दिया गया था। यह पुरस्कार हासिल करते समय उनकी उम्र 82 साल थी।

बिगिनर्स में क्रिस्टोफर प्लमर ने एक ऐसे शख्स का किरदार निभाया था जो कई सालों बाद स्वीकार करता है कि वह एक गे है। उन्होंने शेक्सपियर के लिखे कई किरदारों को भी पर्दे पर उतारा है। टॉल्सटॉय की लिखी कहानी द लास्ट स्टेशन पर बनी फिल्म में निभाए गए उनके किरदार ने भी सबका मन मोह लिया था।