रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। हादसे में एक कर्मचारी को मामूली चोट आई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान एक वाल्व पूरी तरह बंद नहीं हो सका था। इसके चलते अत्यधिक गर्म पदार्थ बाहर निकल गया और ऑक्सीजन के संपर्क में आते ही उसमें सेल्फ इग्नीशन की प्रक्रिया शुरू हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़ें:असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

फैक्ट्री में पुराने टायरों को उच्च तापमान पर प्रोसेस डामर (बिटुमिनस सामग्री) तैयार करने का काम किया जाता है। आग लगने के बाद परिसर से घना काला धुआं उठने लगा जो कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। धुएं के कारण आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए चिंता और अफरा तफरी का माहौल बन गया।

घटना के समय फैक्ट्री में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। आग भड़कने के दौरान सैंपलिंग का कार्य कर रहे एक कर्मचारी के हाथ में हल्की चोट लगी। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। शुरुआती चरण में कुछ कर्मचारियों के भीतर फंसे होने की आशंका जताई गई थी। जिसके बाद राहत एवं बचाव दल ने स्थिति का आकलन शुरू किया।

यह भी पढ़ें:CM मोहन का वादा हुआ फेल, MP में तीसरी संतान के मामले में सब रजिस्ट्रार बर्खास्त

दमकल विभाग की कई गाड़ियां और उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा एहतियातन फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया गया। प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन संयुक्त रूप से कर्मचारियों की उपस्थिति और सुरक्षा की पुष्टि करने में जुटे रहे। अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाना, परिसर को सुरक्षित बनाना और घटना के कारणों की विस्तृत जांच करना है।

फिलहाल आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि घटना में सुरक्षा मानकों के पालन में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।

यह भी पढ़ें:मैगी में कीड़े मिलने पर FSSAI सख्त, नेस्ले समेत तीन अन्य कंपनी को नोटिस जारी कर मांगा जवाब