नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में मध्यस्थता करने के लिए इजरायल सामने आया है। इजरायल के प्रधामंत्री नफ्ताली बेनेट और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मॉस्को में मुलाकात हुई है। बीती रात पुतिन के कार्यालय में दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेनेट और पुतिन के बीच यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के सिलसिले में हुई। करीब तीन घंटे तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके बाद इजरायली प्रधानमंत्री ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से भी फोन पर बातचीत की। 

रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात से पहले भी जेलेंस्की और बेनेट के बीच बातचीत हुई थी। जेलेंस्की ने युद्ध को रोकने के लिए बेनेट से अपील भी की थी। जिसके बाद बेनेट ने देर रात अचानक मॉस्को पहुंच कर पुतिन से बातचीत की। 

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी यूक्रेन के राष्ट्रपति से फोन पर बात की है। जो बाइडेन ने युद्ध के दौरान यूक्रेन को दी जा रही सुरक्षा और वित्तीय सहायता को लेकर बातचीत की। इस हफ्ते यह दूसरी मर्तबा है जब दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई है। 

यूक्रेन पर रूसी आक्रमण से भयावह तबाही मची हुई है। पिछले ग्यारह दिनों से जारी इस युद्ध के कारण लाखों लोगों को यूक्रेन से विस्थापित होना पड़ा है। दुनिया के तमाम देश रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा चुके हैं, लेकिन रूस युद्ध को रोकने पर तैयार नहीं है।