नई दिल्ली। कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मालदीव ने भारतीय पर्यटकों पर रोक लगा दी है। भारत के पर्यटक अब मालदीव का रुख नहीं कर पाएंगे। भारत सहित दक्षिण एशियाई तमाम देशों पर यह रोक लागू रहेगी। मालदीव इमिग्रेशन ने खुद एक बयान जारी कर इस रोक की जानकारी दी है। 

मालदीव इमिग्रेशन के मुताबिक भारत सहित तमाम दक्षिण एशिया के देशों के पर्यटकों को 13 मई से वीज़ा नहीं दिया जाएगा। कोरोना के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। हालांकि यह रोक अस्थाई है। कोरोना से हालत ठीक होने की स्थिति में विदेशी पर्यटकों के लिए मालदीव के दरवाज़े खुल जाएंगे। 

भारत और आस पड़ोस के देशों में मालदीव सबसे प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट है। यहां दक्षिण एशिया ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लोग पर्यटन करने पहुंचते है। बॉलीवुड के ज़्यादातर सेलिब्रिटी के लिया मालदीव सबसे बड़ा टूरिस्ट स्पॉट है। खास तौर पर बॉलीवुड की अभिनेत्रियों को अमूमन मालदीव का रुख करते देखा जाता है। सोशल मीडिया पर वे अक्सर मालदीव की तस्वीरें साझा करती हैं। आईपीएल रद्द होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी भी इस समय मालदीव में ही रुके हुए हैं।