रूस में गृहयुद्ध और तख्तापलट का खतरा अब टल गया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर के प्रमुख येवगेनी वी प्रिगोझिन ने अपने लड़ाकों को वापस लौटने का आदेश दिया है। एएफपी की खबर के मुताबिक, वैगनर ग्रुप के मुखिया ने कहा है कि 'खून खराबा रोकने' के लिए लड़ाके वापस लौट रहे हैं। इस बीच खबर आ रही है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को से उड़ान भरी है।

राइटर्स की खबर के मुताबिक, ऐसे में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस समय दो मोर्चो पर जंग लड़नी पड़ रही है। यूक्रेन के साथ पिछले एक साल से ज्‍यादा समय से जारी जंग के बीच वैगनर ग्रुप की बगावत पुतिन को भारी पड़ सकती है। हालांकि, पुतिन ने देश के नाम संदेश में कहा कि वैगनर ग्रुप ने विश्‍वासघात किया और ये कदम पीठ में छुरा घोंपने जैसा है। साथ ही उन्‍होंने कहा कि बगावत करने वालों से सख्‍ती निपटा जाएगा। हालांकि, येवगेनी प्रिगोझिन के अपने लड़ाकों को मास्‍को के लिए कूच करने से रोकने पर पुतिन ने राहत की सांस जरूर ली होगी।

वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवेनी प्रीगोझिन ने विश्वासघात करने के पुतिन के आरोपों से इनकार किया और अपने लड़ाकों को देशभक्त बताया है। पुतिन पूर्व सहयोगी येवगेनी प्रिगोझिन द्वारा संचालित वैगनर निजी सेना के लड़ाके पहले से ही राजधानी के अधिकांश रास्‍तों पर थे, उन्होंने रोस्तोव शहर पर कब्जा कर लिया था और मास्को के लिए 1,100 किमी (680 मील) की दौड़ के लिए निकल पड़े थे।