भोपाल। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्य प्रदेश की 9 सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं। राजगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूर्व सीएम सिंह पत्नी अमृता राय के साथ सुबह करीब 11 बजे वोट देने भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित पोलिंग बूथ पहुंचे। इस दौरान वह राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी ने मंगलवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में सीहोर जिले में स्थित नर्मदा जी के आंवली घाट में स्नान कर नर्मदा जी को चुनरी भेंट की। इसके बाद उन्होंने भोपाल के जवाहर चौक स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जी महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा की। पुर्जा अर्चना संपन्न कर वे मतदान के लिए पहुंचे। इस दौरान सिंह ने कहा कि यह मेरा आखिरी चुनाव है, क्योंकि मैं 77 साल का हूं। उन्होंने कहा कि आगे नए लोगों को मौका दिया जाएगा। 

दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट पर 33 साल बाद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ भाजपा ने मौजूदा सांसद रोडमल नागर को प्रत्याशी बनाया है। सिंह की उम्मीदवारी के बाद यहां के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा था और वोटिंग में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। सुबह 11 बजे तक राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 34.81 फीसदी वोटिंग हुई। यह मध्य प्रदेश में सर्वाधिक है।

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर सुबह 6 बजे से ही लंबी कतारें लगी हुई है। दिग्विजय सिंह के अन्य सदस्यों ने भी मतदान किया। सिंह के बेटे व राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने पोलिंग बूथ पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पिता के लिए वोट कर रहा हूं। भाजपा सांसद ने कोई काम नहीं किया है। इस आधार पर यहां मतदान हो रहा है। वहीं, उनके भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता दिग्विजय सिंह को वोट दे रही है। जीत को लेकर हम आश्वास्त हैं।