अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात ईरान के कई इलाकों में फिर जोरदार हमला कर दिया। तीन दिनों के भीतर हुई इस दूसरी कार्रवाई में सिरिक, खुजस्तान, केशम द्वीप और बंदर अब्बास को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से 5 लोगों की मौत हुई और 68 लोग घायल हुए। खुजस्तान प्रांत में भी 7 लोगों की जान जाने और 8 लोगों के घायल होने की बात कही गई है।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि अमेरिकी हमले की चपेट में सिरिक के कुहस्तक इलाके का एक रिहायशी घर भी आया। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई के मुताबिक, जिस घर को निशाना बनाया गया वहां एक परिवार शादी का जश्न मना रहा था। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में 50 से अधिक निर्दोष पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे गए या घायल हुए हैं। बघाई ने कार्रवाई को बर्बर अपराध करार देते हुए कहा कि ईरान इसका दृढ़ता से जवाब देगा।

यह भी पढ़ें:MP: रायसेन जेल में हत्यारोपी कैदी ने प्रहरी को गोली मारी, भागने की कर रहा था कोशिश

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सिरिक में हुई घटना में मृतकों में 4 साल का एक बच्चा भी शामिल है। हमले के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में घायल बच्चों को अस्पताल में इलाज कराते हुए देखा गया है। दूसरी ओर अमेरिका का कहना है कि उसकी सैन्य कार्रवाई ईरान के सैन्य ठिकानों के खिलाफ थी। अमेरिकी दावे के मुताबिक, हमलों में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। जबकि, ईरान ने नागरिकों के हताहत होने की जानकारी दी है।

अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान के अनुसार, इन जवाबी हमलों में भी कई लोग मारे गए हैं। हालांकि, इन दावों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें:जबलपुर स्थित BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत

अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा सैन्य टकराव की एक कड़ी रविवार 30 अगस्त को सामने आई थी। उस दिन अमेरिकी सेना ने ईरान के लारक द्वीप पर दो रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाने की जानकारी दी थी। इसके बाद ईरान ने भी हमले में लोगों के मारे जाने और घायल होने का दावा किया था लेकिन मृतकों या घायलों की संख्या नहीं बताई थी।