भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए। भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त नियुक्त किया गया है। जबकि, अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल में भोपाल नगर निगम के प्रशासनिक नेतृत्व के साथ स्मार्ट सिटी और मेट्रो रेल से जुड़े अतिरिक्त प्रभारों में भी बदलाव हुआ है। संस्कृति जैन के कार्यकाल में निगम की कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों के साथ मतभेद चर्चा में रहे थे। दूसरी ओर नए आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के सामने अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई से जुड़े मामलों को आगे बढ़ाने और अदालत में निगम का पक्ष रखने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें:बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर 5 राउंड फायरिंग, लॉरेंस गैंग के नाम से ली गई हमले की जिम्मेदारी
भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद से हटाई गईं संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास पहले अपर प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी था।
जैन इससे पहले सिवनी जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। उन्होंने इस पद पर करीब 15 महीने तक काम किया था। उनके स्थान पर शीतला पटले की नियुक्ति होने के बाद सिवनी में अधिकारियों ने उन्हें पालकी में बैठाकर विदाई दी थी। उस समय विदाई की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे थे।
भोपाल नगर निगम में उनके कार्यकाल के दौरान परिषद और महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की नाराजगी सामने आई थी। निगम परिषद की पिछली बैठक में अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की असहमति स्पष्ट दिखाई दी थी। बताया गया कि कुर्सी पर मौजूद नहीं होने के बावजूद उन्होंने आसंदी से निर्देश दिए थे। एमआईसी सदस्यों की नाराजगी भी बैठकों में सामने आ चुकी थी।
यह भी पढ़ें:इंदौर में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, चपेट में आई 3 फैक्ट्रियां, करोड़ों के नुकसान की आशंका
साल 2018 बैच के प्रमोटी आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। वे इससे पहले जबलपुर नगर निगम में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले सागर नगर निगम में भी आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
भोपाल में नई नियुक्ति के साथ अहिरवार को मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस तरह नगर निगम के प्रशासनिक कामकाज के साथ मेट्रो रेल कंपनी से संबंधित जिम्मेदारियां भी उनके पास रहेंगी।
अहिरवार के सामने रहवासी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई से जुड़ा मामला अहम रहेगा। इस कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध किया था और मामला अदालत तक पहुंचा था। कोर्ट में नगर निगम से जवाब भी मांगा गया है। अगली सुनवाई पर निगम को अपना पक्ष प्रस्तुत करना है। ऐसे में कार्रवाई की स्थिति और कानूनी जवाब की तैयारी के बीच तालमेल बनाए रखना नए आयुक्त के लिए महत्वपूर्ण होगा।
राज्य सरकार ने जबलपुर नगर निगम की जिम्मेदारी साल 2020 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रिम कुमार को सौंपी है। वे अब तक छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:सिंगल टेंडर से निजी कंपनी को मिसाइल पार्ट्स का ठेका, BDL की डिफेंस डील पर उठे सवाल
इस नियुक्ति के साथ जबलपुर नगर निगम में भी नेतृत्व परिवर्तन हो गया है। गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के बाद नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार का भी तबादला कर दिया गया। अहिरवार को भोपाल भेजे जाने के बाद अब अग्रिम कुमार जबलपुर नगर निगम का कामकाज संभालेंगे।
अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त के साथ स्मार्ट सिटी भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रही थी। उनके तबादले के बाद स्मार्ट सिटी भोपाल के सीईओ पद पर फिलहाल किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है। इस पद पर अगली पोस्टिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
भोपाल नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति के बाद अधिकारियों की वरिष्ठता और आईएएस ग्रेडिंग को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। निगम में अपर आयुक्त के पद पर तैनात अक्षय कुमार तेम्रवाल ग्रेडिंग सूची में रामप्रकाश अहिरवार से ऊपर हैं। इसके बावजूद सरकार ने अहिरवार को निगम आयुक्त बनाया है और तेम्रवाल को उनके मौजूदा पद पर ही रखा है।
दोनों अधिकारी 2018 बैच के आईएएस हैं। उपलब्ध ग्रेडिंग सूची के अनुसार, अक्षय तेम्रवाल का स्थान 296वां है। जबकि रामप्रकाश अहिरवार 299वें स्थान पर हैं। इस लिहाज से तेम्रवाल ग्रेडिंग में अहिरवार से वरिष्ठ हैं। नई व्यवस्था में उन्हें नगर निगम आयुक्त के अधीन काम करना होगा।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में बेकाबू ट्रक ने मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचला, 15 लोगों की मौत और 28 घायल
अगस्त 2026 में हुए प्रशासनिक फेरबदल के दौरान तेम्रवाल को जिला पंचायत दतिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद से हटाकर भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त बनाया गया था। अब आयुक्त पद पर अहिरवार की नियुक्ति के बाद ग्रेडिंग में उनसे वरिष्ठ होने के बावजूद तेम्रवाल उसी निगम में अधीनस्थ पद पर बने रहेंगे। इस प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर आईएएस अधिकारियों के बीच चर्चा हो रही है।