रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार शाम नेशनल हाईवे 39 पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा गुढ़ क्षेत्र में बदवार स्टैंड के पास करीब शाम 5 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद एक तीन साल की बच्ची लापता है। जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीम अभियान चला रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक, पवन ट्रैवल्स की बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बल्कर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बल्कर सड़क पर पलट गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है।
रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के मुताबिक, हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। दुर्घटना के बाद तीन साल की एक बच्ची का पता नहीं चल पाया है। बच्ची की मां भी हादसे में घायल हुई है और फिलहाल ऐसी स्थिति में नहीं है कि वह घटना के बारे में जानकारी दे सके।
कलेक्टर ने बताया कि आशंका है कि बच्ची बस के गड्ढे में दब गई हो। गड्ढा बहुत गहरा नहीं है लेकिन वहां दलदल होने के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण है। रेस्क्यू टीम बच्ची को खोजने में जुटी है। फिलहाल बच्ची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के लापता होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बारिश हो रही थी और सड़क पर फिसलन थी। बताया जा रहा है कि बल्कर तेज गति से आ रहा था। फिसलन के बीच चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने आगे चल रही बस को पीछे से टक्कर मार दी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हादसे का शिकार हुई पवन ट्रैवल्स की बस नियमित रूप से करीब 240 किलोमीटर का सफर तय करती थी। इसका रूट रीवा से चुरहट, बघोर, सीधी, पटपरा होते हुए अमिलिया तक था। दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायलों के लिए 1-1 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से अस्पताल में उपचार, राहत और बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रीवा हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्य प्रदेश के रीवा में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।