ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर अपराधियों ने एक युवक को व्हाट्सएप पर भेजी गई संदिग्ध लिंक के जरिए 74 हजार रुपये की चपत लगा दी। मामला माधौगंज थाना क्षेत्र का है। वहां सिंधी कॉलोनी निवासी संजय सेंगर ने 12 मई को मोबाइल पर आई एक अनजान लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद साइबर ठग उनके बैंक खाते तक पहुंच गए और रकम निकाल ली। पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी करीब एक महीने बाद हुई।
जानकारी के अनुसार, संजय सेंगर नेपाली माता मंदिर के पास स्थित सिंधी कॉलोनी में रहते हैं। 12 मई को दोपहर करीब तीन बजे उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात लिंक भेजी गई। बिना किसी संदेह के उन्होंने लिंक खोल ली और फिर मोबाइल जेब में रख लिया। उस समय उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि इसी एक क्लिक के जरिए साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी है।
ठगी का खुलासा 7 जून की शाम हुआ। जब संजय अपने एक रिश्तेदार को ऑनलाइन 10 हजार रुपये भेजने का प्रयास कर रहे थे। कई बार ट्रांजैक्शन असफल होने पर उन्होंने बैंक पहुंचकर अपने खाते की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि उनके खाते से पहले ही 74 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
इसके बाद संजय सेंगर ने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शिकायत के 43 दिन बाद सोमवार रात मामला दर्ज किया और साइबर ठगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप, SMS या ईमेल पर आने वाली किसी भी अनजान लिंक पर बिना पुष्टि किए क्लिक न करें। ऐसी छोटी सी लापरवाही साइबर ठगी का कारण बन सकती है और बैंक खाते में जमा रकम कुछ ही मिनटों में गायब हो सकती है।