इंदौर। देशभर में रामनवमी का पावन पर्व मनाया जा रहा है। इस पावन पर्व के लिए कई जगहों पर खास इंतजाम किए गए हैं। मध्य प्रदेश में रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। राजधानी भोपाल सहित इंदौर व अन्य जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक भोपाल में आज तीन बड़े जुलूस निकाले जाएंगे, जिनकी निगरानी के लिए 4000 से ज्यादा पुलिस बल, आरएएफ की टुकड़ी और हाई राइज बिल्डिंग्स पर जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही मंदिरों के बाहर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें: इंदौर में बिजली कंपनी मुख्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, टैरिफ घटाने की रखी मांग

पुलिस के मुताबिक, भोपाल में जुलूस पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे और डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी खास निगरानी रखी जा रही है। साथ ही जुलूस पर नजर रखने के लिए 4000 से ज्यादा पुलिस बल, आरएएफ की टुकड़ी और जवानों को तैनात किया गया है। लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

उधर, इंदौर में भी रामनवमी के पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। शहर में दो हजार पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स लगाया जाएगा। पुलिस ड्रोन के माध्यम से छतों पर निगरानी रखेगी। प्रभातफेरी, जुलूस और भंडारों पर विशेष फोकस रहेगा।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि, रामनवमी के पर्व को देखते हुए पुलिस की ओर से व्यापक व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। शहर में रामनवमी के अवसर पर 60 से अधिक आयोजन होना है। जिनमें प्रभातफेरी, शोभायात्रा, कन्यापूजन, कन्याभोज, भंडारे, महाआरती, प्रसादी वितरण और रात्रि जागरण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जुलूस, शोभायात्राओं में विशेष बल रहेगा। इसमें सिविल ड्रेस में भी पुलिस शामिल रहेगी। छतों पर भी पुलिस बल लगाया जाएगा। ड्रोन कैमरों से भी संवेदनशील इलाकों में नजर रखी जाएगी। सभी थानों में एक गाड़ी एक्स्ट्रा दी जाएगी। इसके अलावा भी और गाड़ी की जरूरत लगती है तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार नजर बनाए रखेगी। पुलिस द्वारा जगह-जगह पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जाएंगे।