विदिशा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आज तीन बेटियों की शादी है। खुद मुख्यमंत्री अपनी बेटियों का कन्यादान करेंगे। शादी की रस्में विदिशा में संपन्न होनी हैं। जिन बेटियों की शादी होनी है, उन्हें खुद सीएम ने विदिशा का सांसद रहते समय गोद लिया था। 

शिवराज सिंह चौहान ने 1998-99 में कुल सात बच्चियों को गोद लिया था। बच्चियों को गोद लेने के बाद उनकी पढ़ाई लिखाई से लेकर उनकी परवरिश की जिम्मेदारी खुद सीएम और उनकी पत्नी ने उठाई। इनमें से चार बेटियो की शादी भी हो चुकी है। जबकि तीन बेटियों की शादी आज होगी। 

शादी की रस्मों की शुरुआत दोपहर बारह बजे से हो जाएगी। शाम चार बजे वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हो जाएगा। शादी विदिशा के बाढ़ वाले गणेश मंदिर में होगी। मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह खुद शादी की तैयारियां कर रही हैं। बुधवार को शिवराज खुद भी विदिशा पहुंचे थे। विदिशा में शादी की तैयारियों का जायजा लेने के बाद वे वापस राजधानी भोपाल लौट आए। आज वे शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचेंगे।