भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को सीएम मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को गेहूं उत्पादक किसानों के विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही राघौगढ़ में होने वाले श्रीराम महायज्ञ में शामिल होने का न्यौता भी दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दिग्विजय सिंह ने आज भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। खासतौर पर गेहूं उपार्जन में किसानों को हो रही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निवेदन किया।
इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 18 मई से 28 मई के बीच उनके गृह क्षेत्र राघौगढ़ के ग्राम भैंसाना में होने जा रहे अभूतपूर्व अनुष्ठान 151 कुंडीय "श्रीराम महायज्ञ" में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी को आमंत्रण पत्र सौंपा। दिग्विजय सिंह एवं उनका परिवार इस कल्याणकारी यज्ञ के संरक्षक हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस मुलाकात की तस्वीर जारी की है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा है, "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भेंट कर प्रदेश में जारी गेहूँ उपार्जन के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें बताया कि गेहूँ उपार्जन के लिए अब तक 80 लाख मैट्रिक टन से अधिक गेहूँ उपार्जन के लिए स्लॉट बुक हो चुके हैं, स्लॉट बुकिंग का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के किसानों से गेहूँ उपार्जन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। किसानों की सुविधा के लिए सभी संभव व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वे स्वयं भी उपार्जन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।"