भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य में ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी को लेकर त्वरित कदम उठाने की मांग की है।

सीएम को संबोधित पत्र में सिंह ने बताया कि कृषि सलाहकार परिषद, मध्यप्रदेश के पूर्व सदस्य केदार सिरोही द्वारा अवगत कराया गया है कि राज्य में ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल बाजार में आने के लिए तैयार है। वर्तमान में निजी मंडियों में मूंग का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हर वर्ष राज्य सरकार द्वारा केन्द्र सरकार को मूंग खरीदी का प्रस्ताव भेजा जाता है, जिसके आधार पर मूल्य समर्थन योजना (PSS) के अंतर्गत खरीदी की अनुमति मिलती है। किंतु इस वर्ष अब तक ऐसा कोई प्रस्ताव केन्द्र को प्रेषित नहीं किया गया है। गिरदावरी रिपोर्ट के अनुसार इस बार ग्रीष्मकालीन मूंग के रकबे में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की संभावना है।

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों को नुकसान से बचाने और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाने के लिए ग्रीष्मकालीन मूंग की MSP पर खरीदी हेतु प्रस्ताव शीघ्र केन्द्र सरकार को भेजने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए जाएं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेगी, जिससे प्रदेश के किसानों को राहत मिल सके।