इंदौर। कोरोना लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक 2 की प्रक्रिया जारी है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर के लिए जिला प्रशासन ने नई गाइड लाइन जारी कर दी है। इन दिशा निर्देशों के अनुसार अब जिम फिटनेस सेंटर्स को भी आधी क्षमता के साथ खोलने की परमीशन दे दी गई है। सरकारी दफ्तरों में सौ फीसदी और निजी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों को आने की अनुमति होगी। जिले के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय, निगम मंडल के कार्यालयों को पूरी क्षमता के साथ खोला जाएगा। शादी समारोह में दूल्हा और दूल्हन पक्ष के कुल 50 लोगों को शामिल होने दिया जाएगा। जिसमें बैंड बाजा, पंडित और फोटो ग्राफर भी शामिल होंगे।

वहीं धार्मिक स्थलों को भी खोलने की परमीशन है, मंदिर और मस्जिदों में एक बार में केवल 6 लोगों को प्रवेश मिलेगा। रेस्टोरेंट, क्लब और बार आधी क्षमता से सुबह से रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। शहर के होटल और लॉज में पूरी क्षमता के साथ लोगों को आने दिया जाएगा।

इंदौर जिला प्रशासन ने इस महीने की शुरुआत से ही कुछ शर्तों के साथ सीमित गतिविधियों को छूट दे दी थी। अब शादियों पर 15 जून तक लगी रोक हटा दी गई है। स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए स्टेडियम खुलेंगे सकेंगे, लेकिन दर्शकों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

दरअसल 53 दिन तक अन्य स्थानों की ही तरह जिले में कर्फ्यू लगा था, 1 जून से कड़ी शर्तों के साथ कुछ गतिविधियों को छूट मिली थी।