झाबुआ। माही नदी में अस्थि विसर्जित करने के लिए घर से निकले लोगों का काल से सामना हो गया। झाबुआ के पेटलावद में ट्रैक्टर ट्रॉली के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का पेटलावद के स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज चल रहा है।  



यह दुर्घटना रायपुरिया थाना क्षेत्र में घटित हुई। धतुरिया-लाबरिया मार्ग पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार सभी लोग पाडलवा घाटी के रहने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सभी माही नदी में अस्थि विसर्जित करने के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते में ही काल इनका इंतज़ार कर रहा था।  



हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके तुरंत बाद ही घायलों को पेटलावद के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां इस समय घायलों का इलाज चल रहा है। 





मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दुर्घटना पर अपना दुख व्यक्त किया है। सीएम शिवराज ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा है कि झाबुआ के पेटलावद में ट्रैक्टर पलटने से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।