उज्जैन। राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कारसेवक संतोष दुबे ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित पदयात्रा का समर्थन किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन उज्जैन से अयोध्या तक शुरू होने वाली पदयात्रा में संतों, संन्यासियों, गृहस्थों और देशवासियों से शामिल होने की अपील की है।
संतोष दुबे ने इस यात्रा को राम जन्मभूमि में चढ़ावे की चोरी के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि में चोरी करने वालों को दंड मिलना चाहिए। दुबे ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग कथित चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाए हैं। ऐसे में दिग्विजय सिंह इस मुद्दे को अंजाम तक पहुंचाने के लिए आगे आए हैं।
संतोष दुबे ने अपने संदेश में कहा, “महाकाल की नगरी उज्जैन से अयोध्या तक की पदयात्रा विजयादशमी के दिन आरंभ हो रही है। हम अयोध्यावासियों, देशवासियों और प्रदेश के लोगों से निवेदन करते हैं कि वे इस यात्रा में न केवल सहभागी बनें, बल्कि इसका स्वागत भी करें और बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”
उन्होंने दिग्विजय सिंह को बहादुर और यशस्वी पूर्व मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि जिस तरह भगवान राम ने आसुरी शक्तियों पर विजय प्राप्त की थी, उसी तरह राम जन्मभूमि में चढ़ावा चोरी करने वालों के विरुद्ध शंखनाद किया जा रहा है।
दुबे ने कहा कि वे खुद भी इस यात्रा में शामिल रहेंगे। उन्होंने संतों, संन्यासियों, वैरागियों और गृहस्थों सहित सभी वर्गों के लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने इसे पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि सभी को इसका सहयोग और समर्थन करना चाहिए। अपने वीडियो संदेश के अंत में संतोष दुबे ने उज्जैन से अयोध्या तक की इस यात्रा के लिए सभी को आमंत्रित करते हुए ‘जय सियाराम’ का उद्घोष किया।