भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से बीजेपी की बड़बोली सांसद साध्वी प्रज्ञा ने लड़कियों के हाफ कपड़े और लिव इन में रहने वालों को लेकर अजीबोगरीब टिप्पणी की है। साध्वी प्रज्ञा ने कहा है कि लड़कियों का हाफ कपड़े पहनकर लड़कों के फ्लैट पर जाना ठीक नहीं है। भोपाल सांसद ने लिव इन रिलेशनशिप को पाश्चात्य संस्कृति का प्रतीक करार देते हुए कहा है कि यह गलत है।

दरअसल, साध्वी प्रज्ञा शनिवार को एक छेड़छाड़ पीड़िता की मदद करने कोलार गयी हुई थी। इस दौरान वह उल्टा पीड़िता को ही फटकार लगाने लगीं। उन्होंने कहा कि तुम हाफ कपड़े पहनकर लड़कों के फ्लैट पर क्यों गई थी। यह ठीक नहीं है। इतना ही नहीं भोपाल सांसद ने पीड़िता के मंगेतर को लेकर भी कहा कि वह ठीक आदमी नहीं है।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने की जनता से अपील, पद्म सम्मान के लिए काबिल लोगों को करें नॉमिनेट

सांसद के मुताबिक पीड़िता लिव इन रिलेशनशिप में है। जबकि ये पाश्चात्य संस्कृति का प्रतीक है। समाज में गलत सभ्यता परोसा जा रहा है। सांसद ने यहां मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'पीड़िता जिस लड़के के साथ रह रही है, वह ठीक नहीं है। मैंने उसको समझाया है कि तुम गलत बात नहीं करना। इस तरह रात में हाफ कपड़े पहन कर किसी के फ्लैट पर जाना भी ठीक नहीं है। हालांकि, जिन लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है।'

क्या है पूरा मामला

कोलार पुलिस के मुताबिक बीते 7 जुलाई की रात पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह अपने मंगेतर के साथ खड़ी थी तब वहां कार से उसके दो दोस्त आए। वे दोनों भी उनके कार में बैठकर कोलार स्थित उनके फ्लैट पर गए। यहां दोनों लड़के पार्टी करने लगे। थोड़ी देर बाद दोनों लड़कों ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दिया। लड़की की शिकायत पर कोलार थाने में आरोपी राम सिंह और संदीप के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।